Ranchi : झारखंड राज्य को पहली बार निर्वाचन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का राष्ट्रीय सम्मान मिला है। मतदाता दिवस पर दिल्ली के जोरावर ऑडिटोरियम, मानेकशॉ सेंटर में आयोजित समारोह में यह सम्मान झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान पाकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने का श्रेय सभी स्टेकहोल्डर को जाता है।
गौरतलब है कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिये इंटरनेट मीडिया पर हैशटैग अभियान एवं हर वृहत स्तर पर स्वीप के तहत कार्यक्रम चलाया गया था। वहीं, सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप का भी निर्माण किया गया था, जिनके द्वारा मतदान के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाये जानेवाले जागरूकता के कारण लोकसभा चुनाव मतदान प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, वही विधानसभा निर्वाचन 2024 में यह अबतक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत रहा। विधानसभा मतदान में महिला मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि देखी गई। लोकसभा व विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराया गया था। मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित न्यून्तम सेवाओं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर एवं रैंप आदि कि व्यवस्था कि गई थी। सुदूर क्षेत्र के मतदाताओं के लिये उनके गांव में ही मतदान केंद्र बनाये गये। वहीं 2 किलोमिटर से अधिक दूर वाले मतदान केन्द्रों के लिये वाहन कि भी व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही ऐसे कई नक्सल प्रभावित क्षेत्र भी थे जहां इस बार पहली बार मतदाताओं ने शांतिपूर्ण मतदान किया।




