Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें 57 नामों का ऐलान किया गया है। इस बार जदयू 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि 2020 में पार्टी ने 115 सीटों पर लड़ाई लड़ी थी और 43 पर जीत दर्ज की थी। पहली लिस्ट में तीन बाहुबली चेहरों को टिकट दिया गया है। जिनमें मोकामा से अनंत सिंह, एकमा से धूमल सिंह और कुचाएकोट से अमरेन्द्र पांडेय का नाम शामिल है। अनंत सिंह ने 14 अक्टूबर को नामांकन भी दाखिल कर दिया है। उन्हें पहले ही पार्टी सिंबल सौंपा जा चुका था। वहीं लिस्ट में पार्टी ने 6 मौजूदा मंत्रियों को फिर से मैदान में उतारा है। जिनमें रत्नेश सदा (सोनबरसा), सुनील कुमार (भोरे), विजय चौधरी (सरायरंजन), श्रवण कुमार (नालंदा), मदन सहनी (बहादुरपुर) और महेश्वर हजारी (कल्याणपुर) के नाम शामिल है। चिराग पासवान की पसंदीदा सीट अलौली से भी जदयू ने उम्मीदवार उतारा है। यह सीट चिराग के गृह क्षेत्र में आती है, जिस पर लोजपा की भी नजर थी। कल्याणपुर से महेश्वर हजारी का टिकट कटने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने उन पर फिर से भरोसा जताया है।




