Chouparan(Krishna Paswan) : लोक भावनाओं का उत्सव, श्रद्धा का संगम, और आस्था का अनुपम दृश्य चौपारण के दनुआ गांव में झलका। चौरदाहा पंचायत की पावन भूमि शुक्रवार को धर्म और संस्कृति के अभूतपूर्व मिलन की साक्षी बनी। शिव मंदिर परिसर से गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्री श्री 108 हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। जैसे ही 1001 श्रद्धालुओं का सैलाब कलश सिर पर लिये मंदिर प्रांगण से निकला, गांव की गलियां जैसे भक्तिरस से भीग गईं। बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कलश देकर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं की टोली जब भलुआ बाराचट्टी के महने नदी पहुंची, तो आचार्यों ने वैदिक विधि से कलशों में पावन जल भरवाया। जल लेकर श्रद्धालु नगर भ्रमण करते हुये पुनः दनुआ मंदिर लौटे, जहां हनुमंत प्रतिमा के समक्ष कलश स्थापित किया गया। मुख्य यज्ञाचार्य पं. ओमप्रकाश पांडे के नेतृत्व में, पं. नरेश पांडे और पं. चंद्रशेखर पांडे समेत कई आचार्यों ने महायज्ञ की अग्नि प्रज्ज्वलित की। यजमानों में मदन प्रसाद केशरी, सुरेश प्रसाद केशरी, विजय विश्वकर्मा, दिलीप केशरी आदि प्रमुख रूप से शामिल हुये। आयोजन समिति की अगुवाई मदन प्रसाद केशरी ने की, जिन्होंने अतिथियों का पारंपरिक अंगवस्त्र से स्वागत किया।
रामकथा और आगे का आयोजन
17 मई से रामकथा का भव्य आयोजन होगा, जहां कथा-वाचन से वातावरण राममय हो उठेगा। महायज्ञ 24 मई तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन हवन, भागवत भजन, आरती और भंडारे की व्यवस्था रहेगी। इस धार्मिक महायज्ञ में जिला परिषद सदस्य राकेश रंजन, पूर्व मुखिया संघ अध्यक्ष सुखेदव पासवान, भाजपा नेता विकास यादव, राजकुमार यादव (ओबीसी मोर्चा), रामस्वरूप पासवान, अशोक केसरी, पिंटू विश्वकर्मा सहित सैकड़ों ग्रामवासी श्रद्धा के साथ उपस्थित रहे।












