Patna : पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित एशियन सिटी हॉस्पिटल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ITBP के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और मरीजों के बीच हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विजय सिंह (44 वर्ष) के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और ITBP में कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जलालपुर कैंप में थी। जानकारी के अनुसार, तबीयत खराब होने पर 3 जून को उन्हें इलाज के लिए एशियन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था।
वॉशरूम जाने के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार को विजय सिंह अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित वॉशरूम गये थे। बताया जा रहा है कि वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी दौरान उनके पांचवी मंजिल से गिरने की आवाज सुनाई पड़ी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुये FSL की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
अस्पताल कर्मियों से पूछताछ जारी
पुलिस अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। यह आत्महत्या है या हादसा या कुछ और… यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पायेगा।









