Bihar : बिहार के सीतामढ़ी में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राज्य सरकार की समाज कल्याण मंत्री और शिवहर से जदयू विधायक श्वेता गुप्ता के आवास परिसर में प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने सरकारी भूमि पर कथित रूप से किये गये अतिक्रमण को हटाने के लिए यह कार्रवाई की। अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर चलाया गया और अतिक्रमित हिस्से को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। जैसे ही बुलडोजर कार्रवाई की खबर फैली, आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। लोग दूर-दूर तक खड़े होकर पूरी कार्रवाई को देखते रहे। इलाके में दिनभर इसी मुद्दे की चर्चा होती रही।
प्रशासन बोला- कानून सबके लिए समान
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान का हिस्सा है और पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होगा। हालांकि अभी तक मामले में संबंधित विभाग या मंत्री की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।









