Kohramlive : उत्तर भारत के कई इलाकों में 16 से 20 फरवरी तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दिन में खिली धूप और गर्मी का एहसास और रात में ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है। IMD (भारतीय मौसम विभाग) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवायें चलने की संभावना है। दिल्ली में कल आंशिक बादल छाये रहने की उम्मीद है। 19-20 फरवरी को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक रहेगी। उत्तराखंड और हिमाचल के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं। बिहार के कई जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे हल्की ठंड का ऐहसास होगा। वहीं, राजस्थान में 18 से 20 फरवरी के बीच जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश संभव है।
मौसम विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि बदलते मौसम से सर्दी-जुकाम की संभावना बढ़ सकती है, इसलिये गर्मी और ठंड से बचाव जरूरी है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें।








