Ranchi : कभी अपनी हरियाली और शांत मिजाज के लिये पहचाना जाने वाला रांची अब तकनीक की नई उड़ान भरने की तैयारी में है। राजधानी रांची में IT Park की परिकल्पना को जमीन पर उतारने की दिशा में सरकार ने एक और कदम आगे बढ़ाया है। CM हेमंत सोरेन से RMZ Infrastructure के President दीपक छाबड़िया ने मुलाकात की। बैठक में रांची को देश के प्रमुख IT और Innovation Hub के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सबसे खास बात यह रही कि प्रस्तावित योजना के तहत 2029 तक रांची में IT Park शुरू करने और चरणबद्ध तरीके से करीब 75 हजार रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित IT Park के पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार पैदा करने की योजना है। इसके बाद अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर करीब 75 हजार रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे झारखंड के स्थानीय और प्रतिभाशाली युवाओं को IT, डिजिटल टेक्नोलॉजी और दूसरे हाई-स्किल क्षेत्रों में अपने ही राज्य में रोजगार के नये रास्ते मिलने की उम्मीद है। यानी आने वाले वर्षों में नौकरी की तलाश में रांची से बेंगलुरु, हैदराबाद या पुणे जाने वाले युवाओं के लिये रांची में ही तकनीक की नई दुनिया तैयार करने की कोशिश है।
IIM से विधानसभा और हाईकोर्ट तक
IT Park के संभावित स्थल को लेकर भी चर्चा हुई है। IIM Ranchi, नये विधानसभा परिसर और हाईकोर्ट परिसर के आसपास उपलब्ध करीब 100 एकड़ भूमि को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। प्रस्तावित IT Park में आधुनिक कार्यालय, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है। बैठक का दायरा सिर्फ IT Park तक सीमित नहीं रहा। Artificial Intelligence (AI), Global Capability Centre (GCC), सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। GCC के जरिये वैश्विक कंपनियों के IT और AI से जुड़े काम झारखंड से संचालित किये जाने की संभावना पर भी चर्चा हुई। इससे तकनीकी निवेश के साथ-साथ हाई-स्किल नौकरियों के नये अवसर पैदा हो सकते हैं।
CM बोले, रांची को नई अर्थव्यवस्था से जोड़ना है
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को भविष्य की तकनीकों और नई औद्योगिक संभावनाओं से जोड़ते हुये मजबूत और आधुनिक IT इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिये रोजगार और उच्च-कौशल आधारित अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। CM हेमंत सोरेन ने रांची को IT, Innovation और Emerging Technologies का प्रमुख केंद्र बनाने के लिये उद्योग जगत के साथ मिलकर आगे बढ़ने की जरूरत पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अक्टूबर में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु जा सकता है। टीम वहां विकसित IT Park, तकनीकी इकोसिस्टम और Global Capability Centre मॉडल का अध्ययन करेगी। बेंगलुरु के अनुभवों के आधार पर झारखंड में IT Park और उससे जुड़े तकनीकी इकोसिस्टम को विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी। वहीं, बैठक में RMZ Infrastructure की ओर से झारखंड में अत्याधुनिक IT Park, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में रुचि व्यक्त की गई। राज्य में तकनीकी और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं तथा सरकार और उद्योग के बीच संभावित सहयोग पर भी चर्चा हुई।





