Ranchi : झारखंड कैडर के सीनियर IPS संजय आनंद लाठकर को भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग का IG सिक्योरिटी बनाया गया है। अब वे मुंबई स्थित परमाणु मुख्यालय में अपनी सेवायें देंगे। केंद्र सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। 1995 बैच के IPS संजय आनंद लाठकर को एक तेज-तर्रार और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। इससे पहले वे झारखंड पुलिस में ADG अभियान के रूप में कार्यरत थे। उनकी कार्यशैली को देखते हुये केंद्र सरकार ने उन्हें परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत IG सुरक्षा के रूप में नियुक्त करने का फैसला लिया।
दूसरी बार गये केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर
IPS लाठकर पहले भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रह चुके हैं। उन्होंने CRPF में अपनी सेवायें दीं, वहीं, झारखंड चैप्टर के IG के रूप में कार्य किया। अब वे एक बार फिर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं, जहां उन्हें ADG स्तर और वेतन पर यह खास जिम्मेदारी सौंपी गई है। मूल रूप से महाराष्ट्र के रहनेवाले संजय आनंद लाठकर को अब अपने ही राज्य में कार्य करने का अवसर मिला है।
ADG स्तर के अधिकारियों की कमी
IPS लाठकर के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से झारखंड पुलिस में ADG स्तर के अधिकारियों की कमी और बढ़ गई है। झारखंड पुलिस का स्पेशल ब्रांच पहले ही बिना ADG के चल रहा था और अब ADG अभियान का पद भी खाली हो जायेगा। राज्य में कई महत्वपूर्ण विभागों में पहले से ही एडीजी रैंक के अधिकारियों की कमी बनी हुई है।










