KohramLive : एक बेगुनाह शख्स 20 साल जेल की सजा काट जेल से बाहर निकला। उसे हाई कोर्ट ने निर्दोष करार दिया। वह रेप और एससी-एसटी एक्ट के एक मामले में गुजरे 20 सालों से जेल में बंद था। बीते साल यानी 2021 में उसे बेगुनाह बताकर जेल से रिहा कर दिया गया। वह साल 2000 से जेल में बंद था। जेल से बाहर आकर उसने शादी रचाई। काफी पैसे भी खर्च किये, पर शादी के दूसरे दिन दुल्हन सबकुछ लेकर भाग गई। इस शख्स का नाम विष्णु तिवारी है। वह यूपी के महरौनी थाना इलाके के सिलावन गांव में रहता है।
दरअसल, जेल से रिहा होने के बाद विष्णु बिरधा स्थित डूंगरासन माता के दर्शन करने एक मंदिर गया। पूजा पाठ करने के दरम्यान एक युवक से उसकी मुलाकात हुई। उसका नाम गुड्डू पटेल था। गुड्डू ने उससे बातों-बातों में दोस्ती कर ली। विष्णु को शादी का प्रोपोजल भी दे डाला। बोला- लड़की के घरवालों की माली हालत ठीक नहीं। वह उसकी शादी करवा देगा, उसके एवज में लड़की के घरवालों को कुछ पैसे देने पड़ेंगे। विष्णु तैयार हो गया।
गुड्डू पटेल ने विष्णु को लड़की की फोटो दिखाई। नैन-नख्स से खूबसूरत लड़की की फोटो देखते ही विष्णु शादी के लिए राजी हो गया। शादी से पहले लड़की के घरवालों को एक लाख रुपये और शादी कराने के लिए दलाल गुड्डू को 20 हजार रुपये देने होंगे। विष्णु तैयार हो गया। तय हुआ कि 22 जुलाई को दोनों की शादी डोंगरा कलां स्थित डूंगरासन माता के मंदिर में करा दी जायेगी। विष्णु 22 जुलाई की भोर दुल्हन के लिए शृंगार का सामान, साड़ी आदि खरीद कर किराये की गाड़ी से मंदिर पहुंच गया। वह दो पंडितों को भी अपने साथ लाया। मंदिर पहुंचते ही उससे पैसों की डिमांड की गई।
उसने लड़की के बाप बने शख्स को एक लाख रुपये दे दिये। इसके बाद पूरे रस्मों-रिवाज के साथ दोनों की शादी हुई। विष्णु अपनी नई-नवेली दुल्हन को लेकर अपने घर सिलावन पहुंच गया। उस वक्त रात के 11 बज रहे थे। अब दलाल गुड्डू ने अपने पैसे मांग। तब विष्णु ने उससे कहा… कल तुवन मंदिर आकर पैसे ले लेना। गुड्डू बोला… पैसे लेने के बाद ही दुल्हन का आधार कार्ड देगा और कोर्ट में शादी करवायेगा।
अगले दिन यानी 23 जुलाई को दलाल को पैसे देने के लिए विष्णु तुवन मंदिर जाने को तैयार हुआ। तभी दुल्हन अपनी मां से मिलने की जिद करने लगी। विष्णु ने उसे भी अपने साथ ले लिया। उस वक्त वह सारे गहने पहले हुई थी। जब तुवन मंदिर पहुंचा तो दुल्हन को प्यास लगी। विष्णु पानी की बोतल लेने चला गया। जब वापस लौटा तो देखा कि उसकी नई नवेली दुल्हन वहां नहीं है। आसपास काफी खोजा पर वह नहीं मिली। वह गहने आदि लेकर फरार हो गई।
इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर की निकाली हेकड़ी, आलीशान होटल-मॉल कुर्क… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : Neeraj Chopra ने रचा इतिहास, World Athletics championship में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने






