Ranchi : राजधानी रांची से रहस्यमय हालात में गायब हुये मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस हाई-प्रोफाइल तलाश का सुखद अंत रामगढ़ पुलिस ने किया, जिसने दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सुरक्षित खोज निकाला। कई जिलों और राज्यों की पुलिस टीमें इस मामले में दिन-रात जुटी हुई थीं। हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी, तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचनाओं के सहारे तलाश जारी थी। इसी कड़ी में रामगढ़ पुलिस को निर्णायक सफलता मिली और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया गया।
बरामदगी के बाद बच्चों को रामगढ़ एसपी के आवास पर लाया गया, जहां उनकी सुरक्षा और देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई। बच्चों के सकुशल मिलने की खबर से न सिर्फ परिजनों बल्कि पूरे इलाके ने राहत की सांस ली। साथ ही दो लोगों को हिरासत में भी लिये जाने की खबर है।








