Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा ज़िला अधिवक्ता संघ और DC दिनेश कुमार यादव के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को अधिवक्ता संघ की आम सभा में DC के न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करने का प्रस्ताव पारित किया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि 16 जुलाई को न्यायालयीन कार्य के दौरान DC ने एक अधिवक्ता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की थी।
उस दिन से ही मामला गर्माया हुआ था। अधिवक्ता ने लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराई और 21 जुलाई को संघ की कार्यकारिणी बैठक में इस पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई, जो 23 जुलाई को DC से मुलाकात करने पहुंची, लेकिन लगभग एक घंटे इंतजार करने के बाद भी DC ने अधिवक्ताओं को मिलने का समय नहीं दिया।
इस उपेक्षा से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने 23 जुलाई को फिर बैठक की और शुक्रवार को बुलाई गई आम सभा में यह बड़ा फैसला लिया गया। अब अधिवक्ता संघ डीसी कोर्ट का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करेगा और इस निर्णय से पीडीजे, हाईकोर्ट, स्टेट बार काउंसिल, पलामू आयुक्त समेत सभी संबंधित संस्थाओं को अवगत करायेगा।












