Pakur : बिजली का बिल लंबे समय से जमा नहीं किया है और बकाया रकम 5 हजार रुपये से ज्यादा पहुंच चुकी है, तो अब सावधान हो जाइये। पाकुड़ में विद्युत विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सितंबर से ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया गया है। सोमवार को पाकुड़ शहरी और ग्रामीण इलाकों में करीब 15 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गये। विभाग के मुताबिक अभियान के तहत जिले में अब तक 200 से ज्यादा कनेक्शन काटे जा चुके हैं और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विद्युत विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में पाकुड़ जिले से 96 करोड़ 87 लाख 84 हजार रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य तय किया है। इसके मुकाबले अगस्त तक 42 करोड़ 40 लाख 52 हजार रुपये की वसूली हुई है। यानी निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अब तक करीब 43.77 प्रतिशत राजस्व ही जुट पाया है। विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र कुमार बेसरा ने मीडिया को बताया कि 22 अगस्त को सर्किट हाउस में हुई बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता राजकुमार ने निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभाग ने बकाया बिजली बिल रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया।
सोमवार को 15 कनेक्शन काटे गये
विद्युत सहायक अभियंता आलोक कुमार केरकेटा और कनीय अभियंता आशीष कुमार पटेल ने बताया कि सोमवार को पाकुड़ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले करीब 15 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गये। अधिकारियों के मुताबिक जिन उपभोक्ताओं पर बड़ी रकम बकाया है, उनके खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जायेगी। विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बिजली बिल समय पर जमा कर दें, ताकि कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई से बचा जा सके।





