Ranchi(Ormanjhi)(Kuldeep Tiwari) : राजधानी रांची से सटे ओरमांझी के शंकर घाट से रहस्यमय ढंग से गायब मासूम कन्हैया कुमार अगर 7 दिनों के भीतर नहीं मिले तो पूरे रांची को बंद कराया जायेगा, वहीं भाजपाई रांची पुलिस कप्तान के कार्यालय का घेराव करेंगे। यह ऐलान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू ने किया। गुजरे 2 महीने से 11 साल के कन्हैया कुमार गायब है और पुलिस के हाथ खाली हैं। राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू आज रोते-बिलखते परिजनों से मिलने गये थे। मौके से ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रांची के सीनियर SSP से टेलीफोन पर बात की और कहा कि लापता बच्चे को हर हाल में 7 दिन के अंदर ढूंढा जाये। उन्होंने चेतावनी दी कि समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो SSP कार्यालय का घेराव किया जायेगा। आदित्य साहू ने Kohramlive.com से कहा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि भाजपा परिवार कन्हैया की तलाश में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। ठंड से बचाव के लिये परिजनों को कंबल दिये गये, वहीं, लापता बच्चे के गंभीर बीमारी से पीड़ित बड़े भाई के इलाज के लिये भाजपा परिवार की ओर से आर्थिक सहयोग का ऐलान किया गया। यहां याद दिला दें कि रहस्यमय ढंग से गायब कन्हैया और उसकी मां शांति के दुखड़ा को Kohramlive.com ने जनता के सामने लाया। इस दौरान मौके पर अमरनाथ चौधरी, मानकी राजेंद्र साही, जयगोविंद साहू, राजेश गुप्ता, दीपक बड़ाईक, शशी मेहता, शंकर महतो, दिलीप मेहता, संतोष गुप्ता, अजित महतो, बालक महतो, विक्रांत तिवारी, सुनील उरांव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
7 दिन में बच्चा नहीं मिला तो रांची बंद… देखें वीडियो#ranchi #jharkhand #missing #ormanjhi pic.twitter.com/7bBcORKOBz
— KohramLive (@KohramLive) January 17, 2026












