Kohramlive : हैदराबाद से एक बड़ी खबर आई है, Hyundai Motor India ने अपने लग्जरी कार ब्रांड Genesis को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की औपचारिक घोषणा कर दी है। कंपनी ने यह ऐलान Hyundai Motor India Investor Day 2025 के दौरान किया। Genesis भारत में 2027 से उपलब्ध होगी और यह कदम लग्जरी कार सेगमेंट में BMW, Mercedes-Benz और Audi जैसी दिग्गज कंपनियों को सीधी टक्कर देगा।
Genesis लाइनअप में क्या-क्या होगा, जानें
Genesis के ग्लोबल पोर्टफोलियो में Genesis G70, Genesis G80, Genesis G90, इलेक्ट्रिक मॉडल्स जैसे Genesis GV60, इलेक्ट्रिक G80 और GV70 EV शामिल हैं। भारत में इनमें से कई मॉडल स्थानीय स्तर पर बनाये जायेंगे, ताकि भारी आयात शुल्क से बचते हुये लग्जरी कारों को और अधिक किफायती बनाया जा सके। Hyundai ने कहा है कि वह भारत में लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों की भी पेशकश करेगी। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और Genesis के इलेक्ट्रिक मॉडल प्रीमियम ग्राहकों के लिये एक नया अनुभव लेकर आयेंगे।
लग्जरी मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा
भारतीय लग्जरी कार बाजार ने वित्त वर्ष 2025 में 51,000 यूनिट्स की बिक्री का रिकॉर्ड तोड़ा। Hyundai के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, यही सही समय है Genesis को भारत में उतारने का। कंपनी की योजना 2030 तक 26 नई कारें लॉन्च करने की है, जिसमें 20 इंजन वाली और 6 इलेक्ट्रिक मॉडल होंगे। Hyundai भारत में Genesis मॉडल्स को लोकल मैन्युफैक्चरिंग के जरिये पेश करेगी। इससे न केवल कीमतों में प्रतिस्पर्धा आयेगी बल्कि सर्विस नेटवर्क और पुर्जों की उपलब्धता भी बेहतर होगी।






