Hazaribagh(Shivnarayan Sahu) : हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड में दर्द, आशंका और इंतज़ार की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो हकीकत की जमीन पर लिखी गई है। नयाटांड पंचायत के पिपराडीह गांव के दिनेश प्रजापति, 6 जुलाई की सुबह खेत देखने निकले और फिर लौटकर घर नहीं आये। मोबाइल भी बंद मिला और उसके बाद जैसे परिवार की सांसें भी थम-सी गईं। पत्नी संगीता देवी ने थाने में आवेदन देकर कुम्हरडीहा के सुभाष प्रजापति पर अपहरण का आरोप लगाया। इल्जाम था कि पैसे के लेनदेन के विवाद में सुभाष ने दिनेश को अगवा किया है। परिजन सुभाष को 7 जुलाई की दोपहर तीन बजे पकड़कर थाने भी ले आये, लेकिन रात होते ही पुलिस ने उसे बीमारी का हवाला देकर छोड़ दिया। पति की खबर न मिलने से टूटी संगीता देवी और उसके परिजन अब थाने के गेट के सामने बैठ गये और इंसाफ की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुये पीड़ित परिवार ने SDPO को भी लिखित शिकायत दी है। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि या तो दिनेश मिलेंगे, या फिर जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। सुनें क्या बोले घरवाले
इस मौके पर बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, मुखिया संघ अध्यक्ष रंजीत कुमार समेत कई सामाजिक प्रतिनिधि परिवार के साथ खड़े दिखे।












