Palamu : पलामू में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और अपराध नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुये आज दोपहर 2 बजे समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय परिसर में मेदिनीनगर शहर के सभी होटल मालिकों और प्रबंधकों के साथ विशेष बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य था, शहर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसना और होटलों को अपराधियों की शरणस्थली बनने से रोकना।
बैठक में लिये गये मुख्य निर्णय
- यात्रियों का अनिवार्य सत्यापनः हर अतिथि का आधार कार्ड या वैध पहचानपत्र अनिवार्य होगा। रजिस्टर में आने का उद्देश्य और मोबाइल नंबर दर्ज किया जायेगा।
- ड्राइवर की जानकारी भी जरूरीः यदि यात्री अपने साथ वाहन चालक लाता है, तो उसकी भी पहचान सुनिश्चित की जायेगी।
- आगंतुकों की निगरानीः होटल में ठहरे मेहमानों से मिलने आये व्यक्तियों का भी रिकॉर्ड रखा जायेगा।
- आधार की पुष्टि जरूरीः दस्तावेज़ों में दी गई जानकारी का भी सत्यापन किया जायेगा।
- उत्सवों की निगरानीः क्रिसमस, नववर्ष जैसे अवसरों पर किसी भी हंगामे की स्थिति में तत्काल थाना को सूचना देना अनिवार्य होगा।
- पार्किंग व्यवस्था दुरुस्तः होटल के सामने पार्किंग अव्यवस्था से बचाव के लिए ट्रैफिक इंचार्ज का नंबर साझा किया गया।
- विदेशी नागरिकों की रिपोर्टिंगः C-Form और S-Form की जानकारी होटल प्रबंधकों को दी गई।
- बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य – विदेशी नागरिकों की डिजिटल उपस्थिति भी दर्ज करनी होगी।
पलामू पुलिस ने सभी होटल संचालकों से आग्रह किया है कि वे इन निर्देशों का ईमानदारीपूर्वक पालन करें और शहर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाये रखने में सहयोग करें।










