Kohramlive : स्पेन में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। टोलेडो प्रांत में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत की खबर है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल घायलों की मदद करने और फंसे यात्रियों को निकालने में जुटे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। यह हादसा स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेनों में रेनफे एवीई और निजी कंपनी इर्यो की ट्रेन शामिल थीं। क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिला के मुताबिक, दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। इनमें इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु, जबकि रेनफे ट्रेन में 397 यात्री थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रेनफे ट्रेन ने संभवतः इर्यो ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर तटबंध से नीचे गिर गये। हालांकि, हादसा कैसे हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बचाव अभियान जारी, रेल सेवाएं बंद
हादसे की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, नागरिक सुरक्षा दल और मेडिकल हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंच गये। बचावकर्मी यात्रियों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लगे हैं।दुर्घटना के बाद मैड्रिड और आंदालुसिया के बीच हाई-स्पीड रेल सेवायें रोक दी गई हैं। रेनफे और इर्यो ने भी प्रभावित मार्गों पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया है। रेल सेवायें कब बहाल होंगी, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।




