Kohramlive : भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज का ताज हासिल कर लिया है। ICC की बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग में अभिषेक को न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतक लगाने का फायदा मिला। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन ने टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 गेंदबाज और ऑलराउंडर बनकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने महज 38 गेंदों पर 113 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने मुकाबला 6 विकेट से जीता और सीरीज अपने नाम की। ताजा रैंकिंग में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं, जबकि ईशान किशन दो स्थान फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गये हैं।
मार्को जानसेन ने जडेजा को भी पीछे छोड़ा
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने टेस्ट रैंकिंग में इतिहास रच दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में पांच विकेट लेने के साथ 85 रन भी बनाये। इस प्रदर्शन से वह मिशेल स्टार्क को पीछे छोड़कर दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बन गये। साथ ही टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी शीर्ष पर पहुंच गये। इससे पहले भारतीय खिलाड़ी रवींद्र जडेजा लंबे समय तक इस स्थान पर काबिज थे।
बाकी फॉर्मेट में कौन है नंबर-1?
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक शीर्ष पर हैं, जबकि वनडे बल्लेबाजों में भारत के शुभमन गिल नंबर-1 हैं। वनडे और टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान शीर्ष पर हैं। वनडे ऑलराउंडरों में अजमतुल्ला उमरजई और टी20 ऑलराउंडरों में जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा पहले स्थान पर हैं।




