Bihar : शादी-ब्याह की खुशियों के बीच एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने सात परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। बिहार के बक्सर जिले में चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा गांव के पास गुरुवार देर शाम बरातियों की तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच भयानक टक्कर हो गई। हादसे में सात युवकों की मौत हो गई। मृतकों में यूपी के गाजीपुर जिले के पांच और बिहार के बक्सर जिले के दो युवक शामिल हैं। एक ही गांव के चार युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही गाजीपुर के भतौरा गांव में कोहराम मच गया।
20 फीट उछलकर खेत में पलटी कार
पुलिस के अनुसार, हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास हनुमान राय के डेरा के नजदीक हुआ। बताया गया कि गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के कुछ युवक आई-20 कार से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार करीब 20 फीट हवा में उछलकर सड़क के दूसरी ओर खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला। हादसे में बाइक सवार उतरौली निवासी अरुण कुमार (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सौरी निवासी शुभम कुमार (21) और जलीलपुर निवासी शिवम कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को बक्सर सदर अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार गाजीपुर जिले के भतौरा गांव निवासी चार युवकों की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज खान (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक छांगुर उर्फ सतेंद्र लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बारात के सफर के दौरान हुआ हादसा
भतौरा गांव के ग्राम प्रशासक के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, रामनिवास राम के पुत्र अरुण राम की बारात बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव जा रही थी। इसी दौरान चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा के पास यह हादसा हो गया। वहीं, अरुण के मित्र सौरभ सिंह ने बताया कि अरुण छठ पूजा के लिये अपने ननिहाल गया था। वह दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। बक्सर के DSP गौरव पांडेय ने मीडिया को बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और बाइक को पीछे से टक्कर मारी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में सात युवकों की मौत से बक्सर और गाजीपुर के कई गांवों में शोक की लहर है। सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति भतौरा गांव की है, जहां एक साथ चार युवकों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।




