Kohramlive : भारत ए के बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी मैदान पर ऐसा तूफान मचाया कि नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन पर सिमट गई। 333 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। इस तरह भारत ए ने मुकाबले में 306 रन की बड़ी जीत दर्ज की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही उसके शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया। नेपाल ने महज एक रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये। हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने शुरुआती झटके देते हुये दो-दो विकेट हासिल किये। अर्जुन कुमाल, कुशल भुर्तेल और बासिर अहमद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गये, वहीं, दीपक डुमरे एक रन बनाकर आउट हुये।
9 ओवर में 21 रन पर आधी से ज्यादा टीम आउट
भारतीय गेंदबाजों का दबाव लगातार बढ़ता गया। पवन सर्राफ, राशिद खान और लोकेश बम भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। नौ ओवर के बाद नेपाल का स्कोर सात विकेट पर महज 21 रन था। नेपाल की पारी महज 26 रन पर समाप्त हो गई। भारत की ओर से प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुये पांच विकेट झटके। हर्षित राणा ने भी चार बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि शाहबाज अहमद को एक सफलता मिली। नेपाल की ओर से पवन सर्राफ और राशिद खान सर्वाधिक छह-छह रन बना सके। भारतीय गेंदबाजों के सामने नेपाल का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुये भारत ए ने नेपाल के सामने 333 रन का लक्ष्य रखा था। कप्तान तिलक वर्मा ने 107 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कुमार कुशाग्र ने 117 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने महज 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाकर भारतीय स्कोर को और मजबूती दी। नेपाल की ओर से संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी ने तीन-तीन विकेट हासिल किये।




