Ranchi : देश में मौजूदा राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुये CM हेमंत सोरेन ने आज वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई लेवल मीटिंग की। CM ने स्पष्ट कहा, “राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और राज्य के एक-एक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिये।” CM हेमंत सोरेन ने दो टूक कहा कि सोशल साइट्स पर गलत संदेश फैलाने वालों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाये। अफवाह और पैनिक की स्थिति किसी भी कीमत पर पैदा नहीं होनी चाहिये। CM सोरेन का यह स्पष्ट संदेश है, राज्य में हर नागरिक सुरक्षित रहे, यही सर्वोच्च प्राथमिकता है। अफवाह, डर या लापरवाही की कोई जगह नहीं। बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी, DGP अनुराग गुप्ता, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, वंदना दादेल, राजीव बक्शी, IG एवी होमकर, ऋषभ झा समेत राज्य प्रशासन व सुरक्षा महकमे के तमाम आला अधिकारी मौजूद थे।
सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स से कार्य लें
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स को एक्टिव करें तथा जरूरत के अनुसार सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स की संख्या बढ़ायें। सिविल डिफेंस के क्षेत्र में कार्य करने वाले संस्थानों से समन्वय स्थापित कर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिये कार्ययोजना बनायें। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स को त्वरित राहत, बचाव कार्य, जनजागरूकता और सामुदायिक क्षमता निर्माण जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दी जाये।
CM ने दिये अहम निर्देश
- अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
- राज्यवासियों में पैनिक न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास करें।
- सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स की संख्या बढ़ाएं और एक्टिव करें।
- अस्पतालों की छतों पर मेडिकल साइन बोर्ड लगायें।
- हर जिले में कंट्रोल रूम एक्टिव रखें।
- डैम, बिजली घर, यूसीआईएल, आयल डिपो जैसे ठिकानों की सुरक्षा बढ़ायें।
तैयारी के स्तर पर ये आदेश दिये गये
- Mock Drill की संख्या बढ़ेगी।
- आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं की सप्लाई सुनिश्चित हो।
- होर्डिंग (भंडारण) रोकने के लिए सख्त निगरानी।
- फायर स्टेशनों और P.A. सिस्टम को अलर्ट मोड पर रखा जाये।
- इमरजेंसी में Civil Defence Rules के अंतर्गत टेंडर प्रक्रिया से छूट।








