Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘द पीपुल्स लीडर’ का विमोचन किया। मौके पर हेमंत सोरेन ने कहा, राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय परिचय के मोहताज नही हैं। काफी समय तक इनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला है। सदन में उनके सुझावों और विचारों से मैं हमेशा प्रभावित हुआ हूं। मुझे लगता है कि मैं ही नहीं, बल्कि बहुत सारे लोग इनके विचारों से प्रभावित होंगे। एक अच्छे लेखक एवं एक अच्छे राजनीतिज्ञ के रूप में लोगों के बीच इनकी चर्चा सदैव होती रहती है। सरयू राय द्वारा लिखी गई कई पुस्तकें मैंने स्वयं पढ़ी है। उन्होंने हमेशा चुनौतियां स्वीकार की हैं। इन्होंने साहस और धैर्य का परिचय देते हुए सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना भी किया है। वे सच्चाई के पथ पर चलकर अपना अलग मुकाम बनाया है। इनके जैसे लोगों के चलते ही आज भी ‘सत्यमेव जयते’ जिंदा है। सीएम ने सरयू राय को असामान्य सोच के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि आनेवाले समय में विवेकानंद झा द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘द पीपुल्स लीडर’ राज्य को एक बेहतर दिशा देगी। मैं अपनी ओर से ‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

सरयू राय ने हमेशा किए हैं अच्दे कार्य
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने कहा कि कृतज्ञ समाज का उत्तरदायित्व बनता है कि जो लोग अच्छे कार्य करते हैं, उनके कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी चाहिए। राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय ने हमेशा अच्छे कार्य किए हैं। उन्होंने एकला चलो की राह को अपनाते हुए अपनी नीति और सिद्धांत के साथ कभी समझौता नहीं किया है। उनके सुझावों का राज्य सरकार स्वागत करती है।
‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक में हैं कई अनछुए पहलू
इस अवसर पर ‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक के लेखक विवेकानंद झा ने पुस्तक की विषय-वस्तु की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि सरयू राय से संबंधित व्यक्तिगत, सामाजिक, राजनीतिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं को इस पुस्तक में दर्शाया गया है। वर्ष 1974 के छात्र आंदोलन, आपातकाल में भूमिका, राजनीति में पदार्पण, विभिन्न मुद्दों पर मतभेद, घोटालों को उजागर करने में भूमिका से लेकर कई अन्य घटनाओं का जिक्र इस पुस्तक में किया गया है।

सरयू राय ने जताया आभार
मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने शॉल ओढ़ाकर सरयू राय को सम्मानित किया। सरयू राय ने विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, प्रभात प्रकाशन के निदेशक पीयूष कुमार सहित अन्य लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षाविद उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : गांधी मैदान बम ब्लास्ट मामला : रांची के इम्तियाज सहित 4 को फांसी
इसे भी पढ़ें : दोस्त को मारा इतना छुरा कि कांप गई रूह, प्राइवेट पार्ट भी काटा






