Bihar : मासूम बच्ची के भरोसे को छलकर उसके साथ घोर पाप करने का मामला सामने आया है। पश्चिम चंपारण के साठी थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 साल की बच्ची को मोबाइल दिखाने के बहाने कमरे में ले जाने और उसके साथ गलत काम करने का आरोप गांव के ही युवक कलीम खान पर लगा है। बच्ची की मां के आवेदन पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि 6 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे उन्होंने अपनी बेटी को पैसे देकर दुकान से सामान लाने भेजा था। सामान लेकर लौटने के बाद बच्ची घर के दरवाजे पर खेल रही थी। कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गये। इसी बीच बच्ची रोते हुये घर पहुंची। परिजनों ने जब उससे पूछा तो उसने पूरी बात बताई।
मोबाइल दिखाने के बहाने कमरे में ले जाने का आरोप
बच्ची के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला कलीम खान उसे मोबाइल दिखाने के बहाने अपने घर के एक कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसके साथ घोर पाप किया गया। बच्ची ने विरोध करने पर मारपीट और जबरदस्ती किये जाने की बात भी परिजनों को बताई। पीड़िता की मां का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को किसी को कुछ बताने पर धमकी दी। इसके बाद उसे घर के पीछे के रास्ते से बाहर निकाल दिया गया। मां ने आरोपी के माता-पिता पर भी गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया है।





