Kohramlive : जापान वह धरती जहां सूरज हर सुबह नये हौसले के साथ उगता है और जहां लोग सदी पार कर भी मुस्कुराते हैं। मेलबॉर्न यूनिवर्सिटी के एक सर्वे ने दुनिया को हैरान कर दिया, यहां 50 हजार से अधिक लोग सौ वर्ष से भी ज्यादा उम्र के हैं। ना कोई मोटापा, ना थकावट, बस सादगी, अनुशासन और जीवन से मोहब्बत। यह वही देश है, जो भूकंप, सुनामी और तूफानों से बार-बार टूटा, मगर हर बार राख से फिर से उठ खड़ा हुआ। जापानी लोग मानो कहते हैं, “गिरना मंजिल से दूर नहीं करता, ठहर जाना करता है।”
सूरज की पहली किरण के साथ उठने की परंपरा
सुबह की पहली सुनहरी किरण जब टोक्यो की गलियों को छूती है, जापानी लोग अपने दिन की शुरुआत उसी उजाले से करते हैं। यह केवल जागना नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ तालमेल बिठाने की एक साधना है, मानसिक शांति, ऊर्जा और दीर्घायु का सबसे सरल मंत्र।
गहरी सांसों से मन और तन की शुद्धि
समुद्र किनारे बहती हवा में जब वे गहरी सांस लेते हैं, तो केवल हवा नहीं भरते, आस्था, संतुलन और जीवन की लय भरते हैं। Misogi, उनका प्राचीन शुद्धिकरण अनुष्ठान है, जो मन के जालों को साफ कर आत्मा को हल्का कर देता है।
उठते ही पानी पीने की परंपरा
सुबह की पहली घूंट पानी की नहीं, बल्कि जीवन की होती है। जापानी लोग उठते ही पानी पीते हैं ताकि शरीर के टॉक्सिन बाहर निकल जायें और दिन की शुरुआत ताजगी से हो। यह उनकी Genki परंपरा है, “शक्ति और उत्साह” का प्रतीक।
80% पेट भरकर खाने का नियम
ओकिनावा की गलियों में बुजुर्ग मुस्कुराते हुये कहते हैं, “पेट भरे, मगर पूरी तरह नहीं।” सिर्फ 80% तक भोजन लेना, शरीर को हल्का और मन को प्रसन्न रखता है। यही है उनकी लंबी उम्र और बीमारी-मुक्त जीवन का रहस्य।
पौधों से जुड़ा भोजन
मंदिरों में बनने वाला Shojin Ryori टोफू, सब्जियों और समुद्री शैवाल से बना भोजन, सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि ध्यान है।
हर निवाला आभार से भरा होता है, प्रकृति के प्रति सम्मान और आत्मा के प्रति करुणा।
चाय की परंपरा
एक प्याली माचा चाय और वातावरण में फैलती शांति। यह केवल पेय नहीं, बल्कि एक संवाद है, अपने भीतर से और अपने समाज से। हर घूंट में सुकून, हर सिप में संतुलन।
गर्म पानी में शुद्धि का एहसास
जापानी स्नान केवल शरीर की सफाई नहीं, आत्मा की धुलाई है। Ofuro में गर्म पानी में डूबा तन मानो सारी थकान बहा देता है। यह रक्त संचार, मानसिक शांति और भावनात्मक मजबूती का जादू है।
सुबह की हल्की लय
रेडियो की धुन पर बुजुर्ग और बच्चे साथ में हाथ हिलाते हैं, जैसे लयबद्ध शरीर में जीवन का संगीत बज रहा हो। साझा व्यायाम केवल फिटनेस नहीं, समुदाय की एकता का प्रतीक है।
गर्म और ठंडे पानी का संतुलन
एक पल गर्म, एक पल ठंडा और मन जैसे तप कर स्टील बन जाता है। यह अभ्यास तन को मजबूत और मन को जागृत करता है। जापान में स्नान एक ध्यान साधना की तरह है।
जुड़ाव का जादू
जापान के गांवों में पड़ोसी परिवार नहीं, परिवार पड़ोसी होता है। Yuimaaru, यानी “परस्पर सहयोग” यह वही रिश्ता है जो अकेलेपन को मिटाता है और जीवन को अर्थ देता है। मतलब साफ है कि जापान सिखाता है, “जीवन लंबा नहीं, सुंदर होना चाहिये और सुंदरता वही है, जो अनुशासन, संतुलन और सामूहिकता में बसती है।”






