Ranchi : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को रांची के रिम्स पहुंचकर बुंडू सड़क हादसे के घायलों से मुलाकात की। मंत्री ने मरीजों की इलाज व्यवस्था पर सीधा संज्ञान लिया और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के स्पष्ट निर्देश दिये। उन्होंने साफ कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, RIMS निदेशक व सुपरिंटेंडेंट को सख्त चेतावनी दी गई है। हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिवार को मंत्री ने 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया, घायलों को भी निजी स्तर पर मदद दी गई। उनके निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक व वार्डों की व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। मरीजों से सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
मंत्री ने प्राइवेट अस्पतालों की मनमानी पर लगाम लगाने का संकेत भी दिया। उन्होंने कहा, गरीबों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। ऐसे अस्पतालों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। सभी जिलों व मेडिकल कॉलेजों में हाईटेक उपकरण खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है जिससे इलाज की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों बढ़ेगी। चाईबासा घटना पर मंत्री ने कहा, जांच पूरी तरह निष्पक्ष व पारदर्शी होगी। अगर साजिश की पुष्टि होती है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा, सख्त कार्रवाई तय है ।





