UP : मोबाइल की स्क्रीन पर शुरू हुई एक दोस्ती, फिर मीठी बातें, मुलाकात और उसके बाद ब्लैकमेलिंग का ऐसा खेल, जिसने कई लोगों को पुलिस और अदालत की चौखट तक पहुंचा दिया। प्रयागराज की पल्लवी सिंह राजपूत को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। इल्जाम है कि उसने डेटिंग ऐप और सोशल मीडिया को लोगों को फंसाने और उनसे पैसे वसूलने का जरिया बना लिया। शिकायत में दावा किया गया है कि इस कथित सिंडिकेट ने अब तक करीब छह करोड़ रुपये की वसूली की है। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी। शिकायत के मुताबिक, पल्लवी डेटिंग ऐप और सोशल मीडिया पर अलग-अलग नामों से अकाउंट बनाकर पुरुषों से संपर्क करती थी। ‘स्वीटी तिवारी’ जैसे नामों का इस्तेमाल कर बातचीत शुरू की जाती थी। वीडियो कॉल और लगातार चैट के जरिये दोस्ती बढ़ती थी। आरोप है कि मुलाकात होने के बाद उनकी निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें तथा वीडियो रिकॉर्ड कर लिये जाते थे। इसके बाद ‘पैसे दो, वर्ना मुकदमा झेलो’ का डर दिखाकर मोटी रकम ऐंठ लेती थी। जो लोग पैसे देने से इनकार करते या पुलिस के पास जाने की बात करते, उन्हें कथित तौर पर रेप और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि बदनामी और जेल जाने के डर से कई लोग दबाव में आ गये। एक शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस तरह छह करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूली जा चुकी है।
‘अकेली नहीं थी पल्लवी’—सिंडिकेट का आरोप
शिकायत में दावा किया गया है कि कथित वसूली का पूरा खेल अकेले नहीं चलाया जा रहा था। आरोप है कि दो महिलाएं और दो पुरुष उसके साथ मिलकर काम करते थे। इन लोगों की भूमिका कथित तौर पर पीड़ितों पर दबाव बनाने, धमकाने और पैसों के लेनदेन में बताई गई है। पल्लवी के पति मोहम्मद आलम के भाई नूर आलम को लेकर भी शिकायत में गंभीर आरोप लगाये गये हैं। दावा है कि वह पहले कौशांबी में जेल जा चुका है। हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। शिकायत के अनुसार, पल्लवी ने लखनऊ के विभूतिखंड और सुशांत गोल्फ सिटी थानों में भी कई शिकायतें दर्ज कराईं। वहीं, उसके खिलाफ 14 मुकदमों में वांछित होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उसकी शिकायतों के आधार पर कुछ लोगों को जेल तक जाना पड़ा। अब पुलिस इस पूरे मामले में शिकायतों, मुकदमों और कथित लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों ने बढ़ाई सनसनी
मामला चर्चा में आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी वायरल हुईं। एक तस्वीर में बिस्तर पर 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां दिखाई दे रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में एक महिला के हाथ में हथियार नजर आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन तस्वीरों की सत्यता, समय और संदर्भ की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिये इन्हें जांच का विषय माना जा रहा है। पल्लवी का नाम इससे पहले भी प्रयागराज के फाफामऊ में सामने आ चुका है। बीते मई में वह कथित तौर पर पानी की टंकी पर चढ़ गई थी और नीचे उतरने से इनकार कर दिया था। उसका कहना था कि जब तक उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया जाता, वह नीचे नहीं उतरेगी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। महिला के चिल्लाने और जान देने की धमकी देने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की।
पति से प्रेम विवाह, फिर उसी ने दर्ज कराया मुकदमा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पल्लवी ने मोहम्मद आलम से प्रेम विवाह किया था। बाद में पति की ओर से उसके खिलाफ फाफामऊ थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया गया।इसी मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ने की घटना सामने आई थी। अब डेटिंग ऐप, ब्लैकमेलिंग और कथित करोड़ों की वसूली के आरोपों ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।















