Bihar : चार दिनों से बेटी की सलामती की उम्मीद लगाये बैठी मां को जब उसकी मौत की खबर मिली, तो मानो पूरी दुनिया उजड़ गई। बिहार के सीवान के आलमपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद लापता 20 साल की मुस्कान सिद्दीकी का शव मंगलवार को बरामद किया गया। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, जामो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए बारूद विस्फोट के बाद से मुस्कान लापता थी। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे क्षतिग्रस्त मकान को बुलडोजर से ढहाने के दौरान पिछले हिस्से में बने किचन से उसका शव मिला। बेटी का शव देखते ही मां सबरीन खातून दहाड़ मारकर रोने लगीं। वह बार-बार अपनी बेटी को पुकारती रहीं। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मकान का मलबा हटाने पर मिला शव
विस्फोट में मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने सोमवार शाम से मकान गिराने का काम शुरू कराया था। मंगलवार को दो दीवारें हटने के बाद मजदूर पिछले हिस्से में बने किचन तक पहुंचे, जहां मुस्कान का शव पड़ा मिला। विस्फोट के दौरान मलबे में दबने या बारूद के धुएं से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। मुस्कान का शव मिलने के बाद आलमपुर गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने विस्फोट की पूरी जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




