Ranchi : रोड एक्सीडेंट को रोकने और लोगों के जीवन रक्षा करने के लिहाज से झारखंड पुलिस ने काम करना शुरू कर दिया है। हर जिले के पुलिस कप्तानों से रोड एक्सीडेंट को रोकने की दिशा में पहल करने को कहा गया है। अगर जरूरत पड़े तो स्थानीय समाजसेवी, व्यापारियों और जिले के DC से तालमेल बना स्पीड गन, ब्रेथ एनालाइजर, बॉडी वर्न कैमरा, CCTV, स्ट्रेक्चर बेड, फस्ट एड किट जैसे जुगाड़ जुटा सड़क हादसे को रोकने में जुट जायें। वहीं तेजी और लापरवाही से वाहन चलाने वाले को जगाने की दिशा में अभियान चलायें। हाईवे पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर PCR, हाईवे पेट्रोलिंग और गश्ती को तेज करने को कहा गया है। वहीं चिन्हित ब्लैक स्पॉट के आसपास चेकिंग और बैरेकेटिंग लगाने को कहा गया है। यह आदेश ADG अभियान संजय आनंद लाठकर ने तमाम जिलों के पुलिस कप्तानों को दिया। ADG लाठकर ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरीये पुलिस कप्तानों से बातें की। उनके साथ CID सड़क सुरक्षा कोषांग के DIG सुनील भास्कर भी मौजूद थे। हाई लेवल हुई इस मीटिंग में खूंटी, गोड्डा एवं पलामू SP द्वारा की जा रही पहल की सराहना भी की गई।
खूंटी के SP अमन कुमार अपने जिलों में सड़क हादसे को रोकने की खातिर कुछ ब्लैक स्पॉट चिंहित किये हैं। इन स्पॉट पर चेकिंग और बैरेकेटिंग लगा दिये गये हैं। वहीं गश्ती तेज कर दी गई है। इसके बाद से खूंटी में रोड एक्सीडेंट की घटना में कमी आई है। वहीं गोड्डा के SP मीणा ने खुद पहल कर 5 ब्रेथ एनालाइजर, 15 फस्ट एण्ड किट, 200 ट्रैफिक कोन, 50 हेलमेट, 110 प्लास्टिक के बने बैरेकेटिंग, 15 जैकेट और 10 जगहों पर CCTV कैमरा लगवाये हैं। यह सराहनीय है। वहीं पलामू एसपी चंदन सिन्हा, चतरा एसपी राकेश रंजन, लातेहार एसपी अंजनी अंजन एवं जमशेदपुर के सीनियर एसपी प्रभात कुमार ने रोड एक्सीडेंट रोकने के लिये कई कारगर कदम उठाये हैं। इन पांचों जिलों के SP को प्रशस्ति पत्र देकर नवाजे जाने का ऐलान किया गया। मीटिंग में इस बात पर गौर किया गया कि आमतौर पर सुबह 6 से 10 और शाम 6 से 9 बजे रात तक ज्यादा सड़क हादसे की घटनाएं होती है। इन समयों पर पुलिस को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने लिया संज्ञान, क्रूरता की शिकार बच्ची लौटेगी घर














