Bihar : बिहार के प्रसिद्ध बोधगया के महाबोधि मंदिर में अचानक फायरिंग के बाद तहलका मच गया। इस फायरिंग में एक जवान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया। मंदिर में लोगों के प्रवेश को भी रोक दिया गया। मंदिर परिसर में भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। इस घटना में मारे गये जवान का नाम अमरजीत कुमार यादव बताया गया। वह सोनपुर का रहनेवाला है। मौके पर FSL की टीम को बुलाया गया।
घटना के संबंध में अबतक जो बातें सामने आई है, उसके अनुसार जवान अमरजीत कुमार यादव के हाथ में सरकारी कार्बाइन थी। इसके बाद अचानक दनादन कई गोलियां चलने की आवाज आई। खबर है कि कार्बाइन से निकले चारों गोलियां जवान के सीने को चीरते हुये आर-पार हो गई। घटनास्थल पर कई खोखे मिले हैं। मारा गया जवान अमरजीत कुमार BSAP का जवान था। गया के SSP आशीष भारती ने मीडिया को बताया कि मंदिर परिसर में गोलियां चलने की आवाज पर पुलिस अलर्ट हो गई। अंदर जाने पर देखा गया कि जवान अमरजीत कुमार यादव खून से लथपथ गिरा पड़ा है। बगल में उसकी सरकारी कार्बाइन भी गिरी मिली। लहुलूहान जवान को जल्दबाजी में पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि चलने के दौरान जवान गिर गया होगा, जिस कारण गोलियां चल गई। अक्सर जवान अपने सीने में ही सटाकर हथियार रखते हैं, हो सकता है गिरने के बाद यह हादसा हो गया। वैसे पुलिस हर बिंदु पर गहराई से तहकीकात की जा रही है। जहां घटना घटी, वह इलाका सुनसान है, वहां कोई CCTV नहीं लगा हुआ है। जिस कारण अगल-बगल लगे CCTV को खंगाला जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : रांची DC ने दी सलमान खान पर केस चलाने की अनुमति… जानें












