Hazaribagh : हजारीबाग में एक बार फिर साइबर अपराधियों ने भोले-भाले किसान को निशाना बनाकर उनकी मेहनत की कमाई पर डाका डाल दिया। बरही थाना क्षेत्र के रहने वाले किसान रईस यादव पीएम किसान योजना के नाम पर चलाये जा रहे फर्जी व्हाट्सएप लिंक के जाल में फंस गये और देखते ही देखते उनके खाते से ₹1.25 लाख रुपये साफ हो गये। बताया गया कि व्हाट्सएप ग्रुप में एक लिंक आया, “PM किसान योजना में अतिरिक्त लाभ पाने के लिये यहां क्लिक करें” रईस यादव ने जैसे ही उस लिंक को खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया, और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से सारा पैसा गायब हो गया। पीड़ित रईस यादव का कहना है कि यह रकम उनके परिवार ने जरूरत के वक्त के लिये जमा की थी। अब वे न्याय की उम्मीद में साइबर थाना के चक्कर काट रहे हैं।
SP की चेतावनी
हजारीबाग के पुलिस कप्तान अंजनी अंजन ने आम जनता को चेताते हुये कहा कि किसी भी संदिग्ध या अनवांटेड लिंक पर क्लिक न करें। आज के दौर में साइबर ठग बेहद सक्रिय हैं। छोटी सी गलती आपकी गाढ़ी कमाई पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ठगी का शिकार होते ही तुरंत साइबर सेल या नजदीकी थाने में संपर्क करें। समय पर कार्रवाई से कई बार पैसा वापस भी मिल सकता है।
साइबर विशेषज्ञों की राय
- किसी भी सरकारी योजना की जानकारी के लिए केवल ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप का ही इस्तेमाल करें।
- व्हाट्सएप या एसएमएस में आए किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले स्रोत की जांच करें।
- अजनबी कॉल या फॉर्म में बैंक डिटेल, OTP या PIN कभी साझा न करें।










