Ranchi : रांची समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में एक भावुक लेकिन गरिमामय दृश्य देखने को मिला, जब रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में “पेंशन दरबार-सह-सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रांची जिले के 8 सेवानिवृत्त शिक्षकों को मोमेंटो, शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि सभी शिक्षकों को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही सारे रिटायरमेंट लाभ प्रदान कर दिये गये। जो अपने आप में एक मिसाल है। DC भजन्त्री ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुये कहा,”आप जीवन के एक नये चरण में प्रवेश कर रहे हैं। आज आपको उसी दिन सारे रिटायरमेंट बेनिफिट मिल रहे हैं, यह जिला प्रशासन की ईमानदार कोशिश है कि आपकी वर्षों की सेवा को सम्मान के साथ पूरा किया जाये।” DC ने शिक्षकों शिक्षकों से अपील की कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े रहें। आपके आस-पास अगर ऐसे बच्चे हैं जिन्हें विशेष मदद की जरूरत है, तो कृपया उन्हें अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों में मार्गदर्शन दें।
व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ेगा अनुभव का खजाना
रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि सेवा-निवृत्त शिक्षकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाये, जिससे उनके अनुभवों का लाभ शिक्षा व्यवस्था को मिलता रहे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्मानित शिक्षकों की सूची
अशोक प्रसाद, श्रीमती अम्बिका देवी, राम नरेश सिंह, रामनरेश प्रसाद सिंह, उषा कुला, सबीना कुजूर, सुशील कुमार सान्डिल एवं लोलेन कन्डुलना।






