Chaibasa : चाईबासा में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। चाईबासा के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल जंगल में हुई इस कार्रवाई में भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया। झारखंड सरकार ने इस खूंखार नक्सली पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने अचानक हमला बोला, लेकिन जवानों की जवाबी कार्रवाई में भारी दबाव के चलते कई नक्सली भाग निकले। मौके पर अमित हांसदा ढेर हो गया, जिसके पास से हथियार और कारतूस बरामद किये गये हैं। वह बोकारो का रहने वाला था। बीते हफ्ते 4 सितंबर को पलामू में भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो जवान शहीद हुये थे। उस ऑपरेशन का निशाना था TSPC का टॉप कमांडर शशिकांत गंझू, जिस पर भी 10 लाख का इनाम है और जो अब तक पुलिस को चकमा देता आ रहा है।












