Patna : बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच लोक आस्था का महापर्व छठ भी नजदीक है। ऐसे में राज्य सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों और पदाधिकारियों को अक्टूबर का वेतन समय से पहले देने का फैसला किया है। 21 अक्टूबर से ही वेतन का भुगतान शुरू हो गया है। यह लगातार दूसरा महीना है जब वेतन समय से पहले दिया गया है। इससे पहले दुर्गा पूजा के दौरान भी एडवांस वेतन दिया गया था। वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने 21 अक्टूबर को पत्र जारी किया। वेतन भुगतान की अनुमति भारत निर्वाचन आयोग से ली गई, क्योंकि विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। सभी प्रमुख विभागों, ज़िला अधिकारियों और कोषागारों को समय से वेतन जारी करने के निर्देश दिये गये हैं। 6 नवंबर से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण शुरू होगा।
















