Ranchi : झारखंड में नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए बढ़िया मौका है। कल वे अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। कल यानी 22 फरवरी को राज्य के दो जिलों में रोजगार मेला लगेगा। यह रोजगार मेला राजधानी रांची और धनबाद में लगेगा। कई बड़ी कंपनियां इस मेले में आने वाली हैं। योग्यता के आधार पर आपको नौकरी मिल सकती है। वहीं न्यूनतम सैलरी 7 हजार तो अधिकतम 45 हजार तक हो सकती है। इस रोजगार मेले का आयोजन श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण और कौशल विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है।
कहां लगेगा मेला
राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित नियोजनालय परिसर में कल सुबह साढ़े 10 बजे से रोजगार मेला शुरू होकर शाम तक चलेगा। करीब 22 कंपनियां इसमें शामिल होंगी। वहीं धनबाद में भी कल जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर कुमारधुबी स्थित नियोजनालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक रोजगार मेला चलेगा।
इन डॉक्युमेंट्स को लाना होगा साथ
इच्छुक कैंडिडेट्स अपने बायोडाटा की दो फोटोकॉपी के साथ साथ अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, नियोजनालय निबंधन कार्ड और स्थानीय प्रमाण पत्र जरूर लेकर जायें। स्थानीय प्रमाण पत्र अंचलाधिकारी द्वारा अप्रूवड होना चाहिये।








