Ramgarh : जिस पति के साथ जेबा परवीन ने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, उसी पर उसकी हत्या का आरोप लगा है। रामगढ़ के कुजू ओपी क्षेत्र के रौता रौशन नगर में 17 अक्टूबर को हुई जेबा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका के पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और उसकी साली नेहा परवीन को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। SDPO आलोक रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जेबा का शव उसके घर से बरामद हुआ था। मृतका के भाई मो. इमरान की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। रांची से पहुंची FSL टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल करते हुये बताया कि उसका अपनी साली नेहा से अवैध संबंध था। 17 अक्टूबर को जब जेबा को इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो घर में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि गुस्से में गुलाम सरवर ने जेबा का सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के लिए गठित SIT ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक महिला की मौत के साथ एक परिवार की दुनिया उजड़ गई। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




