Kohramlive : असम भीषण बाढ़ की तबाही से कराह रहा है। गांव पानी में समा चुके हैं, लाखों लोग बेघर हैं और हालात हर गुजरते दिन के साथ बदतर होते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आ रही तस्वीरें और वीडियो इस त्रासदी की भयावहता बयां कर रहे हैं। ऐसे संकट में बॉलीवुड सितारे भी राहत और जागरूकता अभियान का हिस्सा बन गये हैं।
आलिया भट्ट की अपील
आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों से असम की मदद के लिये आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाढ़ ने हजारों परिवारों से उनका घर, जमीन, पशुधन और अपनों तक को छीन लिया है। उनके मुताबिक 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हैं। उन्होंने कहा कि असम हर साल इस त्रासदी से जूझता है, लेकिन इस बार हालात बेहद गंभीर हैं और राज्य को तत्काल राहत के साथ लंबे समय तक पुनर्वास की जरूरत है।
उधर, सलमान खान की संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’ ने राहत अभियान शुरू किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले चरण में बाढ़ प्रभावित इलाकों में भोजन और जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है। अगले चरण में राशन, दवाइयां, पीने का पानी, सैनिटरी नैपकिन और मच्छररोधी सामग्री उपलब्ध कराई जायेगी। संस्था स्कूलों और अस्पतालों के पुनर्निर्माण में भी सहयोग करेगी।
असम के गायक पापोन ने भावुक अपील करते हुये कहा कि गांव डूब चुके हैं, लोग बेघर हैं, सैकड़ों लोग लापता हैं और बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हुई है। उन्होंने इसे मानवता का संकट बताते हुये देश-दुनिया से मदद की गुहार लगाई। वहीं अदा शर्मा ने बताया कि करीब 900 गांव जलमग्न, 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित और 3 लाख लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने लोगों से भरोसेमंद संस्थाओं के जरिये दान कर पीड़ित परिवारों की मदद करने की अपील की। इससे पहले भूमि पेडनेकर और आदिल हुसैन भी राहत अभियान के समर्थन में लोगों से आगे आने की अपील कर चुके हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, असम में बाढ़ का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। लाखों लोग अब भी संकट में हैं, सैकड़ों गांव जलमग्न हैं और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है।






