Lohardaga : लोहरदगा जेल में न्यायिक हिरासत में बंद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कुड़ू प्रखंड का पंडरा गांव बुधवार को उबल पड़ा। गुस्साये ग्रामीणों ने कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग (NH-39) को पंडरा चौक के पास जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। प्रशासन की ओर से न्यायिक जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
मृतक की पहचान जाहिद पवरियां उर्फ रिंकू के रूप में हुई है। वह प्रेम प्रसंग में शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में दर्ज मामले में करीब डेढ़ महीने से लोहरदगा जेल में न्यायिक हिरासत में बंद था। घरवालों का इल्जाम है कि मंगलवार को जेल में मुलाकात के दौरान रिंकू पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन रात में उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया।
मौके पर SDPO श्रद्धा केरकेट्टा, CO संतोष उरांव, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी अजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले की न्यायिक जांच, जेल के CCTV फुटेज की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने सभी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब 11 बजे जाम समाप्त हुआ।
इस दौरान ड्रोन कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग किये जाने पर भी ग्रामीण भड़क गये। विरोध बढ़ता देख पुलिस ने ड्रोन उड़ाना बंद कराया। स्थिति को संभालने के लिए थाना प्रभारी ने खुद मोर्चा संभाला और किसी तरह माहौल शांत कराया। फिलहाल बड़ी संख्या में ग्रामीण लोहरदगा रवाना हुये हैं। पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है। जेल में हुई इस मौत की वजह क्या है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।






