Ranchi : सावन की दस्तक के साथ ही रांची के बाजार पूरी तरह शिवभक्ति और हरियाली के रंग में रंग गये हैं। अपर बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में महिलाओं, युवतियों और कांवड़ियों की भीड़ उमड़ने लगी है। हरी साड़ियां, डिजाइनर चूड़ियां, कुर्ती सेट, बिंदी और महाकाल प्रिंट टी-शर्ट की जमकर खरीदारी हो रही है। महिलाओं के लिए बाजार में प्लेन ग्रीन साड़ी, ऑर्गेंजा, सिल्क, चंदेरी और बंधनी प्रिंट साड़ियों की शानदार रेंज उपलब्ध है। इनके साथ डिजाइनर चूड़ियां और हरी बिंदियां खूब पसंद की जा रही हैं। इस बार छोटे-छोटे घुंघरुओं वाले कश्मीरी चूड़ी सेट और विलियम कढ़ाई वाली चूड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनकर उभरी हैं। अपर बाजार के बैंगल्स के व्यापारियों का कहना है कि सावन शुरू होने से पहले ही इनकी मांग कई गुना बढ़ गई है।
युवतियों के बीच सावन स्पेशल सिल्क, चंदेरी और नेट फैब्रिक के कुर्ती सेट भी आकर्षण का केंद्र बने हुये हैं। पारंपरिक पूजा और तीज-त्योहार को देखते हुये इनकी बिक्री में तेजी आई है। वहीं कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले शिवभक्तों के लिए भी बाजार पूरी तरह तैयार है। महाकाल, बम-बम भोले और भगवान शिव की आकर्षक तस्वीरों वाली टी-शर्ट, कुर्ते और गमछों की अच्छी मांग है। व्यापारियों का कहना है कि महाकाल प्रिंट कुर्ते और शिव थीम वाली टी-शर्ट इस बार सबसे ज्यादा बिक रही हैं।







