Bokaro (Parmeshwar Mandal) : एक ही परिवार के तीन सदस्यों की लाशें गुरुवार को घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिली। शव मिलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मरने वालों में 55 साल का शुकर धोबी, 40 साल की उसकी पत्नी गौरी देवी और 14 साल का बेटा अभिषेक कुमार शामिल है। शुकर धोबी सीसीएल कर्मी था। उसने 2 शादियां की थी। गौरी उसकी दूसरी पत्नी थी। वहीं पहली पत्नी और बेटा राजू पास के ही एक घर में रहते हैं।
राजू ने बताया कि रोज की तरह खाना-पीना के बाद रात में सभी सोने चले गये। सुबह दूध वाला दूध देने उनके घर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाया, आवाज भी लगाई, पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला। तब दूधवाला पहली पत्नी के घर गया। बेटे राजू और आसपास के लोगों को बुला लाया। सबकी मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया। जो कुछ देखा, सभी को अंदर से हिला गया। कमरे में पड़ी थी पति, पत्नी और बेटे की लाश। शुकर का शव बिस्तर पर था। वहीं गौरी और अभिषेक की लाश जमीन पर थी। बेटा अभिषेक के मुंह से झाग निकल रहा था। घटना बोकारो के नवाडीह थाना क्षेत्र की है।
सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेरमो एसडीपीओ सतीश चंद्र झा का कहना है कि तीनों की मौत संदिग्ध लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की दशा और दिशा तय होगी। सुनें क्या बोले मृतक शुकर धोबी का बेटा राजू और बेरमो एसडीपीओ सतीश चंद्र झा…








