Jamtada : जामताड़ा के बागडेहरी थाना क्षेत्र स्थित मुड़ाबेड़िया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही कुएं से पिता और उसके दो नाबालिग बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुये हैं। एक साथ तीन लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि इलाके के चरवाहे मवेशी चराने गये थे, तभी आश्रम से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में तीन शव दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। शव सड़ी-गली अवस्था में मिले हैं। पुलिस के मुताबिक आधारकार्ड से मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला स्थित राजनगर के मित्र और उसके दो बच्चों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पहली पत्नी की मौत के बाद मित्र डिप्रेशन में रहता था और उसकी दूसरी शादी जामताड़ा के कुंडहित थाना क्षेत्र में हुई थी। SDPO मनोज कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पायेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे युवक को रास्ते में ही…










