Garhwa(Nitayanand Dubey) : गढ़वा DC पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को मझिआंव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। प्रखंड कार्यालय में सभी कर्मचारी मौजूद मिले, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुये प्रखंड समन्वयक से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही कल्याण विभाग की साइकिलों का जल्द वितरण और कार्यालय परिसर में बेहतर साफ-सफाई के निर्देश दिये।
इसके बाद सीएचसी निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। DC ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सभी अनुपस्थित कर्मियों से जवाब तलब करने का निर्देश दिया। उन्होंने मरीजों और परिजनों से इलाज, दवा और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिये। DC ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं में लापरवाही, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और सेवा वितरण में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी।






