Ranchi : राजधानी रांची शहर को चमकाने और कचरे पर लगाम लगाने की रणनीति अब तेज हो गई है। रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ-सफाई व्यवस्था पर गहन समीक्षा की। इस बैठक में सिर्फ निर्देश नहीं दिये गये जमीन पर असरदार कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया गया। रांची के DC भजन्त्री ने साफ शब्दों में कहा कि “सड़कें हमारी पहचान हैं, इन्हें साफ रखना हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने अधिकारियों को खुले कचरा स्थलों की संख्या में कमी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर काम करने को कहा।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर अल्टीमेटम
भजन्त्री ने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे कप, प्लेट, थैलियों से बचने और डस्टबिन का नियमित इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने दो टूक कहा, “प्लास्टिक छोड़ो, पर्यावरण से नाता जोड़ो।” रांची नगर निगम द्वारा बनाये गये ‘अबुआ ग्रुप्स’ की अब रेगुलर मॉनिटरिंग होगी। DC ने आदेश दिया कि यदि कोई सफाई से जुड़ी शिकायत अबुआ ग्रुप में आती है, तो उस पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिये।
महिला पुलिस के लिये टॉयलेट सुविधा
बैठक में एक संवेदनशील निर्णय भी लिया गया। चौक-चौराहों पर ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के लिये टॉयलेट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। DC मंजूनाथ भजन्त्री ने सफाई में जनसहभागिता की अहमियत बताई और कहा कि NCC कैडेट्स और आमजनों को जोड़ते हुये जन-जागरूकता अभियान चलाया जाये। रांची की सड़कों पर सिर्फ झाड़ू नहीं, अब नजरिया भी बदलेगा। DC भजन्त्री की यह पहल सिर्फ एक प्रशासनिक बैठक नहीं, बल्कि एक जनांदोलन की शुरुआत है। अब जिम्मेदारी हमारी भी है, “कचरा नहीं फेंकना है, अबुआ ग्रुप से जुड़ना है।”












