Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग की DC नैंसी सहाय ने सभी विभागो में लटकी योजनाओं की डिटेल जानकारी लेते हुये उसे तुरंत पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, DC को गोंदलपुरा में ब्रिज के निर्माण में आ रही परेशानी के बारे में बताया गया। इसपर DC ने स्थानीय विधायक और मुखिया से बातचीत कर काम को आगे बढ़ाने की बात कही। वहीं, पेयजल विभाग को नये बन रहे सड़क पर समय समय पानी की छिड़काव करने के निर्देश दिये गये। इसी तरह जिला परिषद के तहत संचालित सभी योजनाओं को यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
DC नैंसी सहाय ने अपने मातहत अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम करने वाले कांट्रेक्टर्स के साथ बैठक कर क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा कीजिये। जिनका प्रोग्रेस कम है, उसका रिपोर्ट कीजिये। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक से समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी योजना में किसी प्रकार की समस्या आ रही है तो उसकी सूचना देना सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, विद्युत, विशेष प्रमंडल, पथ निर्माण, भवन निर्माण, विशेष प्रमंडल सहित कई अन्य तकनीकी विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।








