Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के DC शेखर जमुआर बुधवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, रमना का जायजा लेने पहुंचे। उनके साथ अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, निदेशक DRDA रवीश राज सिंह, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान DC ने रोकड़ पंजी, कार्यालय स्थापना, पदाधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापन स्थिति, अग्रिम पंजी, सेवा पुस्तिका, उपस्थिति पंजी, अवकाश पंजी समेत कई जरूरी अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी फाइलों का रखरखाव दुरुस्त रहे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की कोताही न हो। वहीं, DC शेखर जमुआर ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, कल्याण विभाग की योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पारिवारिक लाभ योजना और मुख्यमंत्री स्वराज योजना जैसी कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का भी निरीक्षण किया।
म्यूटेशन और प्रमाण पत्रों के मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश
अंचल कार्यालय में लंबित म्यूटेशन, जाति प्रमाण पत्र, आवास प्रमाण पत्र आदि मामलों की समीक्षा करते हुये DC ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि इन सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाये, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान DC ने पानी, बिजली, शौचालय और कार्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनी रहे। DC शेखर जमुआर ने स्थानीय नागरिकों से बातें की और उनकी समस्यायों को गंभीरता से सुना।उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के अंत में DC शेखर जमुआर ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है। अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो दोषी कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।








