Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण सेवाएं योजना की बैठक से पहले एक अप्रत्याशित घटना ने माहौल गरमा दिया। DC कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक से पहले, रंका के SDO के बर्ताव से आहत CWC (बाल कल्याण समिति) के अध्यक्ष और सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया, वहीं मामला गरमा गया।
बैठक में भाग लेने के लिए CWC के अध्यक्ष प्रणव कुमार, सदस्य मनोज कुमार दूबे, राजीव रंजन तिवारी और मुकेश कुमार सिंह पहले से तय समय पर पहुंचे थे। हालांकि, सभागार में पहले से एससी-एसटी एक्ट से संबंधित जिलास्तरीय बैठक चल रही थी, जिसके चलते CWC के सदस्यों को पहले प्रतीक्षा कक्ष और फिर सभागार में बैठाया गया। इल्जाम है कि कुछ ही देर बाद वहां पहुंचे रंका के SDO ने CWC के सदस्यों को कुर्सी खाली करने के लिए कह दिया। जब सदस्यों ने अपना परिचय दिया और बैठक में शामिल होने की बात कही, तब भी उनका रवैया कठोर बना रहा। इससे नाराज़ होकर CWC के सदस्यों ने बैठक से उठकर जाने का निर्णय लिया। सबसे चौंकाने वाली बातें यह रही कि पूरी घटना के दौरान कुछ आला अधिकारी मौनी बाबा बने रहे। CWC के सदस्यों ने कल DC से मिलकर शिकायत दर्ज कराने का फैसला लिया है।












