Garhwa(Nityanand Dubey) : बाइक लूट के मामलों की जांच करते हुये गढ़वा पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है, जिसका कनेक्शन मध्य प्रदेश की ज्वेलरी शॉप डकैती और उत्तर प्रदेश की पुलिस मुठभेड़ से जुड़ा मिला है। पुलिस ने गिरोह के सदस्य सोनू उर्फ शाबिर अंसारी (29) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर रोनिन बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 35 हजार रुपये नकद बरामद किये गये हैं। पुलिस के अनुसार, रंका और हरिहरपुर से लूटी गई बाइक का इस्तेमाल 18 सितंबर को मध्य प्रदेश के विंध्यनगर स्थित कंचन ज्वेलर्स में डकैती के दौरान किया गया था। वारदात के बाद भाग रहे गिरोह के सदस्य रौशन कुमार को यूपी के अनपारा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगी थी। पूछताछ में रौशन ने कथित तौर पर स्थानीय बाइक लूट की जानकारी दी और सोनू व शमशाद अंसारी के नाम बताये। इसके बाद गढ़वा पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पुलिस के मुताबिक, गिरोह की नजर रमना के एक सोना कारोबारी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज के बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर थी। पुलिस की सक्रियता से इन वारदातों को अंजाम नहीं दिया जा सका। मामले में रौशन कुमार पुलिस हिरासत में है और उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं शमशाद अंसारी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




