Ranchi : 9 अक्टूबर को JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर शहर तैयार है और इसके साथ ही पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा का पूरा खाका खींच लिया है। रविवार को JSCA स्टेडियम में जिला प्रशासन, रांची पुलिस और JSCA प्रबंधन के अधिकारियों की अहम बैठक हुई। बैठक में खिलाड़ियों की सुरक्षा से लेकर दर्शकों की भीड़, ट्रैफिक, टिकट बिक्री, कालाबाजारी और साइबर ठगी तक हर पहलू पर मंथन किया गया। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि मैच के दौरान सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होगी। रांची DC मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मैच को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और JSCA प्रबंधन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। सुरक्षा, ट्रैफिक, भीड़ नियंत्रण और दर्शकों की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर तैयारी की जा रही है। रांची के SSP राकेश रंजन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को देखते हुये सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पुख्ता किया जा रहा है। खिलाड़ियों के रांची पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से होटल और होटल से JSCA स्टेडियम तक विशेष रूट तय किये जायेंगे। इन रास्तों पर सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी रहेगी। प्रैक्टिस से लेकर मैच के दिन खिलाड़ियों के स्टेडियम आने-जाने तक सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। स्टेडियम के भीतर और बाहर भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बिना वैध टिकट या अधिकृत पास के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से मैच के लिये अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मैच के दिन स्टेडियम के आसपास हजारों दर्शकों और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। दर्शकों की आवाजाही सुगम रखने के साथ खिलाड़ियों के काफिले के लिये निर्धारित रूट को पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रखने की तैयारी है। स्टेडियम के आसपास अनावश्यक भीड़ और वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिये भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
सोमवार से टिकट बिक्री, कालाबाजारियों पर नजर
मैच को लेकर टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू होगी। टिकट काउंटरों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुये बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस की नजर उन लोगों पर भी रहेगी जो टिकटों की कालाबाजारी करने की कोशिश करेंगे। प्रशासन ने दर्शकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। इस बीच पुलिस और JSCA प्रबंधन ने दर्शकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। दर्शकों से कहा गया है कि वे अनजान व्यक्ति, सोशल मीडिया पोस्ट या संदिग्ध लिंक के जरिये टिकट न खरीदें। टिकट केवल अधिकृत काउंटर या JSCA की आधिकारिक व्यवस्था से ही लेने की सलाह दी गई है। JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान टिकट के नाम पर साइबर ठगी की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में दर्शकों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचना दें।




