कोहराम लाइव डेस्क : देश में कोरोना का टीकाकरण शुरू होने वाला है। इसको लेकर तैयारी जोरों पर है। वैक्सीन के रख-रखाव से लेकर लोगों को टीकाकरण के लिए बुलाने और फिर टीका देने से लेकर अन्य तैयारियों को परखने का काम किया जा रहा है। जिसको लेकर शुक्रवार 8 जनवरी को सबसे बड़ी रिहर्सल है। देश के सभी 736 जिलों में आज ड्राई रन किया जाएगा। इसमें टीकाकरण से लेकर उसकी तैयारी और प्रक्रिया को परखा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : देखिए क्या हुआ जब पैसा निकालने बैंक पहुंच गया मुर्दा
इससे पहले 28 और 29 दिसंबर को 4 राज्यों में दो दिन के लिए ड्राई रन किया गया था। इसके बाद 2 जनवरी को सभी राज्यों में ड्राई रन चलाया गया था और अब 33 राज्यों (हरियाणा, हिमाचल और अरुणाचल को छोड़कर) और केंद्रशासित प्रदेशों में वैक्सीन का फिर से ड्राई रन शुरू हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात, पंजाब, असम और आंध्र प्रदेश में ड्राई रन को लेकर अच्छे रिजल्ट सामने आए थे। इसके बाद सरकार ने पूरे देश में ड्राई रन को लागू करने का फैसला किया था। अब एकबार फिर केंद्र सरकार पूरे देश में ड्राई रन करने जा रही है।
इसे भी पढ़ें : भैरव सिंह ने किया सरेंडर, बोला- सीएम काफिले पर हमले का कोई इरादा नहीं था
टीकाकरण को लेकर गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की। राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक में हर्षवर्धन ने वैक्सीन के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे टीकाकरण की तैयारियों को धक्का लग सकता है।
अगले हफ्ते से शुरू हो सकता है टीकाकरण
देश में टीकाकरण कार्यक्रम अगले हफ्ते से शुरू हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को बताया गया था कि कोरोना वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद टीकाकरण का कार्यक्रम 10 दिन बाद शुरू हो सकता है। कोरोना वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल को लेकर DCGI ने 3 जनवरी (रविवार) को अपनी मंजूरी दी थी। इस लिहाज से 13 या 14 जनवरी से देश में कोरोना वैक्सीनेशन का कार्यक्रम शुरू हो सकता है।
यहां याद दिला दें कि भारत में कोरोना की दो वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को आपातकालीन इस्तेमाल की इजाजत मिली है। कोरोना के टीके को मंजूरी मिलने के बाद देश अब टीकाकरण कार्यक्रम का इंतजार कर रहा है।
इसे भी पढ़ें : कृप्या ध्यान दें… वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन के लिए नहीं लॉन्च हुआ कोई एप, झांसे में आए तो…












