Chouparan(Krishna Paswan) : रामनवमी का पर्व चौपारण में केवल उत्सव नहीं रहा, यह आस्था, परंपरा और शौर्य का जीवंत उदाहरण बना। 26 पंचायतों के 269 गांवों से निकले जुलूसों में गगनचुंबी महाबीरी झंडे लहराते रहे जैसे हर गांव, हर गली श्रीराम के नाम की महिमा में रंग गई हो। ताजपुर, चैथी, मरहेड़ी और तेतरिया से निकले जुलूस जब चौपारण थाना परिसर पहुंचे, तो दृश्य रोमांच से भर गया। युवाओं ने लाठी, तलवार, भाले और डंडों से जो करतब दिखाये, वे सनातन परंपरा की जड़ों से जुड़ी वीरता की झलक थे।
जब प्रशासन बना अखाड़े का हिस्सा
चोरदाहा में जो दृश्य सामने आया, उसने हर दिल को छू लिया, जहां लाठी के मैदान में सिर्फ युवाओं ने नहीं, बल्कि CO संजय यादव और OC अनुपम प्रकाश ने भी अपना दम दिखाया। दोनों अफसरों ने लाठी थामी, वार-पलटवार के अंदाज में खेले और राम भक्तों के बीच उत्साह की लहर दौड़ा दी। वहां मौजूद हर किसी की आंखों में गर्व और रोमांच था। सबकी जुबां पर एक ही बोल थे जय श्रीराम। बरही SDO जोहन टुड्डू, DSP अजित कुमार विमल, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, BDO नितेश भास्कर और थानेदार अनुपम प्रकाश सहित पूरी पुलिस और प्रशासनिक टीम ने जिस तरह चाक-चौबंद व्यवस्था की, वो काबिले-तारीफ रही। DSP ने श्रद्धालुओं, आयोजकों और समाजसेवियों को खुले दिल से धन्यवाद देते हुये रामनवमी को एक मिसाल करार दिया। जहां जुलूस था, वहां उमंग थी… जहां अखाड़ा था, वहां परंपरा थी… और जहां राम का नाम था, वहां शांति की छांव थी।












