Kohramlive : तमिलनाडु के CM सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में दो बड़े फैसलों का ऐलान किया। एक फैसला आम लोगों की सेहत से जुड़ा है, तो दूसरा सीधे लाखों दूध उत्पादक किसानों की जेब से। CM व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अब हर पात्र परिवार को 25 लाख रुपये तक का सालाना स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। पहले यह सीमा 5 लाख रुपये थी। विजय ने कहा कि इलाज कोई सुविधा नहीं, बल्कि हर नागरिक का अधिकार है। सरकार का लक्ष्य है कि आय या क्षेत्र की परवाह किये बिना सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मिलें।
दूध का खरीद मूल्य 38 से बढ़कर 41 रुपये
सरकारी डेयरी कंपनी आविन अब किसानों से दूध 41 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदेगी। पहले यह कीमत 38 रुपये थी। इसमें सरकार की ओर से 3 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि भी शामिल है। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने विधानसभा में नियम 110 के तहत की। सरकार के मुताबिक इस फैसले से राज्य के 3.16 लाख से अधिक दूध उत्पादकों की आय बढ़ेगी। दूध खरीद मूल्य बढ़ाने पर सरकार को हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा।
DMK पर भी साधा निशाना
CM विजय ने पिछली डीएमके सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि दूध उत्पादकों के हित में खरीद मूल्य बढ़ाने के लिए पहले कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनकी सरकार किसानों और आम लोगों के हित को प्राथमिकता दे रही है।








